जयपुर। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना’ के तहत विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के प्रतिभावान युवाओं के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पात्र अभ्यर्थियों की द्वितीय चरण की मेरिट सूची आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों की उत्कृष्ट व निःशुल्क तैयारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए थे। विभागीय जिलाधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों की पात्रता और उनके द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों की गहन जांच व सत्यापन के बाद अनुमोदित (Approved) किए गए आवेदनों के आधार पर ही यह दूसरी मेरिट सूची तैयार की गई है। इस सूची में स्थान पाने वाले सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार आवंटित कोचिंग संस्थानों में आगामी 10 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर जॉइनिंग ले सकते हैं।
विभागीय मंत्री श्री गहलोत ने आगे स्पष्ट किया कि सत्र 2025-26 की प्रथम चरण की मेरिट सूची जारी होने के बाद, कुछ अभ्यर्थियों द्वारा नियत समय पर निःशुल्क कोचिंग का लाभ लेने के लिए जॉइन नहीं किया गया था। प्रथम चरण की उन्हीं समय पर न भरी गईं रिक्त सीटों पर, उन पात्र अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है जिनके आवेदन पत्र जिलाधिकारियों द्वारा पहले से स्वीकृत (Approved) तो थे, लेकिन उन्हें प्रथम चरण में कोई कोचिंग संस्थान आवंटित नहीं हो सका था। विभाग द्वारा जारी की गई यह द्वितीय चरण की मेरिट सूची सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (www.sje.rajasthan.gov.in) पर अपलोड कर दी गई है, जहां छात्र इसे आसानी से देख सकते हैं। इसके अलावा, चयनित अभ्यर्थी अपनी व्यक्तिगत एसएसओ आईडी (SSO ID) पर लॉगिन करके भी उन्हें आवंटित किए गए कोचिंग संस्थान और सेंटर की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित अंतिम तिथि 10 जून तक संबंधित संस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने सुनहरे भविष्य की तैयारी शुरू कर सकते हैं।
