रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को देश की राजधानी नई दिल्ली में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों राज्यों के विकास और प्रशासनिक अनुभवों को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जनहित, सुशासन, शहरी विकास, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा राज्यों के बीच बेहतर नीतिगत समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में वर्तमान में संचालित विकास कार्यों, अधोसंरचना विकास और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। बैठक में दोनों मुख्यमंत्रियों ने इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्र के समग्र विकास में राज्यों की सक्रिय भूमिका और आपसी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर देश के विभिन्न समसामयिक राजनीतिक और प्रशासनिक विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस सौजन्य भेंट को दोनों राज्यों के बीच मजबूत होते प्रशासनिक संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
