भोपाल। राजधानी में गर्मी के मौसम में बढ़ती पानी की खपत और कुछ इलाकों से कम प्रेशर से सप्लाई की शिकायतों के बीच महापौर मालती राय ने मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम के फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एमआईसी मेंबर व बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती, एमआईसी मेंबर आरके सिंह बघेल, जोन अध्यक्ष बृजुला सचाण और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने बड़ा तालाब से आने वाले कच्चे पानी (रॉ वाटर) को फिल्टर प्लांट में साफ करने की पूरी प्रक्रिया देखी और पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर ही लेबोटरी में टेस्टिंग कराई। लैब टेस्ट में पानी पूरी तरह शुद्ध पाए जाने पर महापौर ने इसे क्लीन चिट दी, जिसके बाद उनकी मौजूदगी में ही बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने उस पानी को पीकर उसकी शुद्धता को प्रमाणित किया। निरीक्षण के बाद महापौर मालती राय ने कहा कि गर्मी के कारण पानी की मांग बढ़ने से कुछ क्षेत्रों में लो-प्रेशर की दिक्कत आ रही थी, जिसे दूर किया जा रहा है।
उन्होंने पानी के गंदा होने की शिकायतों को खारिज करते हुए कहा कि बड़ा तालाब से शहर की आधी आबादी को पानी सप्लाई होता है और आज पूरा सिस्टम देखने के बाद वह दावे के साथ कह सकती हैं कि जिन इलाकों में बड़ा तालाब का पानी मिल रहा है, वहां के लोगों को घरों में RO लगाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि नगर निगम पूरी तरह शुद्ध पानी दे रहा है। गौरतलब है कि भोपाल में मुख्य रूप से चार स्रोतों से जल प्रदाय होता है, जिसमें आधे से ज्यादा इलाकों में कोलार डैम, लालघाटी व कोहेफिजा की तरफ बड़ा तालाब, होशंगाबाद रोड व उससे जुड़ी कॉलोनियों में नर्मदा नदी और कोलार रोड की कॉलोनियों में केरवा डैम से पानी सप्लाई किया जाता है।
