भोपाल। ईरान में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय संकट का सीधा असर अब मध्य प्रदेश के आम आदमी की जेब पर दिखने लगा है। प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG के दामों में भी भारी उछाल आया है। भोपाल और आसपास के जिलों में सीएनजी सप्लाई करने वाली ‘थिंक गैस’ एजेंसी ने 10 दिन के भीतर दूसरी बार रेट बढ़ा दिए हैं। इस ताजा बढ़ोतरी में सीएनजी 1 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है, जिसके बाद भोपाल में अब इसके दाम 94.75 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि इससे ठीक पहले 16 मई को भी सीएनजी के दाम में करीब 3 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया गया था।
पिछले दो महीनों के आंकड़ों को देखें तो यह तीसरी बढ़ोतरी है, जिससे महज 60 दिनों में सीएनजी 6 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तीन गैस कंपनियां— थिंक, गेल और अवंतिका सप्लाई करती हैं, जिनमें से भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शिवपुरी और विदिशा जैसे जिलों में थिंक कंपनी के रेट बढ़े हैं, जबकि इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में अवंतिका तथा अन्य जिलों में गेल की सप्लाई है। भोपाल में कुल 152 पेट्रोल पंपों में से 12 पर सीएनजी उपलब्ध है, वहीं मैनीट, नीलबड़, होशंगाबाद रोड और बैरागढ़ रोड सहित थिंक गैस के कुल 25 स्टेशन हैं जहां अब उपभोक्ताओं को नई दरों पर भुगतान करना होगा।
राहत और किफायती ईंधन के नाम पर पिछले तीन साल में भोपाल में सीएनजी गाड़ियों की बिक्री में 50% का उछाल आया है और रोजाना शोरूम से 10 से 15 गाड़ियां बिक रही हैं, लेकिन दामों में आ रही इस तेजी ने अब वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी ओर, केवल सीएनजी ही नहीं बल्कि पेट्रोल और डीजल के मोर्चे पर भी जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को ऑयल कंपनियों ने महज 11 दिनों के भीतर चौथी बार ईंधन के रेट बढ़ाए हैं। इस नए बदलाव में पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है, जिससे मध्य प्रदेश के कई शहरों में डीजल का आंकड़ा 100 रुपए के पार चला गया है, जबकि पेट्रोल 116 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच रहा है।
नए रेट के लागू होने के बाद राजधानी भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में ईंधन सबसे महंगा है, जहां डीजल 100.11 रुपए और पेट्रोल 115.03 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इंदौर में पेट्रोल 114.54 रुपए और डीजल 99.57 रुपए प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। इस महीने तेल कंपनियों ने लगातार चार बार (15 मई को ₹3, 19 मई को 90 पैसे, 23 मई को करीब 90 पैसे और 25 मई को फिर ₹3 तक) कीमतें बढ़ाकर आम जनता के घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
