भोपाल। आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में शांति और कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए भोपाल पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार के कड़े निर्देशन में चलाई जा रही इस मुहिम के तहत अयोध्या नगर थाना पुलिस ने देर रात झुंड बनाकर शराबखोरी, हुड़दंग और गदर करने की फिराक में घूमने वाले बदमाशों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।

पुलिस ने क्षेत्र के चिन्हित हॉटस्पॉट और ब्लैंक स्पॉट पर अचानक दबिश देकर 14 शातिर व आदतन अपराधियों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है। नगरीय क्षेत्र भोपाल में गुंडागर्दी और देर रात अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

इसी तारतम्य में पुलिस उपायुक्त (जोन-2) विकास सहवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त (एमपी नगर संभाग) मनीष भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में पुलिस बल ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान क्षेत्र के आदतन बदमाशों और बाहर से आकर गुंडागर्दी व शराबखोरी करने वाले 14 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी गुंडे-बदमाशों को सख्त हिदायत देते हुए जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़े पैमाने पर की गई धरपकड़ कार्रवाई में अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के साथ उपनिरीक्षक (उनि) विजय सिंह, जयवीर सिंह बघेल, सुदील देशमुख, रामराज सिंह बघेल, नरसिंह राजपूत तथा सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) मनोज कछवाह, अजीम शेर खान और बलीराम सिंह की मुख्य भूमिका रही। इसके अलावा प्रधान आरक्षक (प्रआर) रूपेश जादौन, अतुल कुमार सिंह, दिनेश मिश्रा, सुजीत पटेल, भागवत, जगदीश तिवारी तथा आरक्षक राहुल जाट, प्रदीप दामले एवं हतेन्द्र सिंह ने मुस्तैदी से अपनी सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
