भोपाल। राजधानी के ईटखेड़ी इलाके में मंगलवार शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ दो बोलेरो गाड़ियों के बीच चल रही कथित रेस के चक्कर में एक तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जगदीशपुर रोड स्थित मेरिकल गार्डन के पास की है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया और चालक का सिर गाड़ी के नीचे दब गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसे बुधवार को पीएम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी मुईन उर्फ फैसल खान (23 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार शाम को फैसल अपने बैटरी ऑटो (ई-रिक्शा) को लेकर ईटखेड़ी से जगदीशपुर रोड की ओर जा रहा था। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त रिक्शा में कोई सवारी मौजूद नहीं थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से बेहद तेज रफ्तार में आ रही दो बोलेरो गाड़ियां आपस में रेस लगा रही थीं। इसी होड़ के चक्कर में एक बोलेरो के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए फैसल के ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में फैसल को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के भाई अलफाज खान ने रुंधे गले से बताया कि फैसल अपने परिवार का एक जिम्मेदार सदस्य था, जो दिन-रात मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चला रहा था। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले ही हुई थी। इस अचानक हुए हादसे के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने बोलेरो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ईटखेड़ी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी बोलेरो चालकों व वाहनों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
