भोपाल। भोपाल की एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा बुधवार देर रात गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज करने के बाद हुई है। हाईकोर्ट ने अपने 17 पन्नों के आदेश में मामले की गंभीरता और सबूतों की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना अनुचित बताया था। आदेश आने के बाद गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंची और करीब 7 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें आधिकारिक तौर पर हिरासत में ले लिया।
टीम उन्हें सीधे मेनिट (MANIT) परिसर स्थित सीबीआई के अस्थाई कैंप ऑफिस लेकर पहुंची है, जहां मेडिकल बोर्ड को बुलाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच के दौरान सीबीआई की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों (साइंटिफिक एविडेंस) को जुटाने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया। टीम ने गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। इसके अलावा, घटनास्थल के आसपास की लोकेशन और पड़ोसी मकानों की छतों व बालकनी को भी स्कैन किया गया, ताकि यह स्पष्ट रूप से समझा जा सके कि घटनास्थल बाहर से किस हद तक दिखाई देता है। वहीं दूसरी ओर, इस हाई-प्रोफाइल मामले में साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की कवायद भी तेज है।
भोपाल जिला कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान पुलिस पहले ही बता चुकी है कि घटना से जुड़े मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन को सुरक्षित रखने के लिए टेलिकॉम कंपनियों को पत्र लिखे जा चुके हैं, जिन्हें जल्द ही केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा।
