भोपाल। बीएचईई थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा बीएचईएल सांस्कृतिक भवन (कल्चरल हॉल), पिपलानी में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बीएचईएल भोपाल के मुखिया एवं कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचईएल लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा रोजी उपाध्याय एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह ने सम्मान सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से शुरू हुए इस कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत स्मृति-चिह्न एवं हरित संदेश के प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर किया गया। इस दौरान संस्था की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना तथा उनकी उपलब्धियों को समाज के समक्ष गरिमापूर्वक प्रस्तुत करना रहा। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्था के सदस्यों के परिवारों के विद्यार्थियों सहित 350 प्रतिभाओं को कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने अपने हाथों से पुरस्कृत किया। पुरस्कार ग्रहण करने के लिए सभी प्रतिभावान बच्चे अपने माता-पिता के साथ मंच पर आए, जिसे लेकर बच्चों के साथ-साथ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों में भी खासा उत्साह देखा गया।

मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार उपाध्याय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रतिभाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपने ज्ञान व कौशल के बल पर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियाँ न केवल व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक हैं, बल्कि समाज एवं संस्था के गौरव को भी बढ़ाती हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि टीयू सिंह ने थ्रिफ्ट सोसायटी के सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था द्वारा सदस्यों के हित में किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं और यह समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
