भोपाल। चलती ट्रेनों में सो रही महिला यात्रियों को अपना निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को जीआरपी रानी कमलापति पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 8 हजार रुपए मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर मध्य प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह पूरा मामला 14 दिसंबर 2025 का है, जब बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री, सीमा गंगराड़े का पर्स एक अज्ञात बदमाश ने झपट लिया था। यह वारदात उस समय घटित हुई जब ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से आगे के लिए रवाना हो चुकी थी और महिला यात्री अपनी सीट पर सो रही थी। शातिर आरोपी मौका पाकर पर्स झपटकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गया और फरार हो गया था। पीड़ित महिला के अनुसार, उस पर्स में नकदी, एक आईफोन, सोने के सिक्के और डायमंड ब्रेसलेट सहित कुल 3.11 लाख रुपए का कीमती सामान रखा हुआ था।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण (साइबर सेल) और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले कुछ अन्य संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया था, जिनके पास से पूर्व में करीब 3.21 लाख रुपए का माल बरामद किया जा चुका था।
झांसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर आया मुख्य आरोपी मामले के मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान आदित्य मिश्रा उर्फ शिब्बू महाराज के रूप में हुई है, को पुलिस ने उत्तर प्रदेश की झांसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल लाया। कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दो कीमती सोने के सिक्के बरामद किए गए, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 2.08 लाख रुपए आंकी गई है।
