15.5 C
London
Wednesday, June 3, 2026
Homeभोपालपूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जयंती पर साकेत नगर में प्रतिमा...

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जयंती पर साकेत नगर में प्रतिमा का अनावरण, सीएम डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में दी पुष्पांजलि

Published on

भोपल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की जन्म जयंती मंगलवार को पूरे शहर में अत्यंत आदर और गरिमा के साथ मनाई गई। इस विशेष अवसर पर राजधानी के विभिन्न स्थानों पर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया और ‘बाबूजी’ के जनहितैषी कार्यों का स्मरण किया।

जयंती के मुख्य कार्यक्रम के तहत राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने वार्ड 54 के साकेत नगर स्थित ‘बाबूलाल गौर पार्क’ में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने भावुक शब्दों में कहा कि श्रद्धेय बाबूजी का संपूर्ण जीवन जनसेवा और मध्य प्रदेश के समग्र विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भोपाल और विशेषकर गोविंदपुरा क्षेत्र के विकास को जो नई दिशा दी है, वह हम सभी के लिए एक महान आदर्श है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा हमें सदैव उनके संघर्षपूर्ण जीवन, जमीन से जुड़े व्यक्तित्व और उनकी सादगी की प्रेरणा देती रहेगी। स्व. गौर जी ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में लगा दिया और उनके यही विचार हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इससे पूर्व, राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर भेल स्थित ‘बाबूलाल गौर स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय’ में आयोजित एक विशेष सेमिनार में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की और स्व. गौर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर पूर्व मुख्यमंत्री की स्मृति में परिसर में पौधरोपण भी किया और युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उधर, मध्य प्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके स्वर्णिम कार्यकाल को याद किया। मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय बाबूलाल गौर जी मध्य प्रदेश के एक ऐसे विरल राजनेता रहे, जिन्होंने अपने जनहितैषी कार्यों से हर वर्ग के दिल में जगह बनाई। वे सदैव हमारे लिए एक आशीर्वाददाता की भूमिका में रहे।

वर्तमान राज्य सरकार उनके बताए मार्ग और आदर्शों का अनुसरण करते हुए प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधानसभा में आयोजित इस पुष्पांजलि कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित गौर परिवार के सदस्य और अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके पश्चात, शाम को स्वर्गीय गौर के 74 बंगला स्थित निवास पर एक भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें शहर के हजारों गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Latest articles

बीएचईई थ्रिफ्ट सोसायटी के पहले अध्यक्ष गुप्ता का निधन

बीएचईई थ्रिफ्ट सोसायटी के प्रथम अध्यक्ष वृत्तपाल गुप्ता के निधन पर गहरा शोक भोपाल। बीएचईई...

ग्रामीणों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बांटे योजनाओं के लाभ

रायपुर। प्रदेशव्यापी 'सुशासन तिहार' के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट, ऊर्जा और युवा विकास पर हुई अहम चर्चा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार...

पंजाब सरकार का बड़ा फैसला: 26 साल पुरानी किसान क्रेडिट कार्ड पॉलिसी बदली, फसलों पर लोन लिमिट में भारी बढ़ोतरी

चंडीगढ़। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने किसानों को बड़ा आर्थिक संबल देते हुए...

More like this

बीएचईई थ्रिफ्ट सोसायटी के पहले अध्यक्ष गुप्ता का निधन

बीएचईई थ्रिफ्ट सोसायटी के प्रथम अध्यक्ष वृत्तपाल गुप्ता के निधन पर गहरा शोक भोपाल। बीएचईई...

पांचवें बड़े मंगल पर बाल स्वरूप हनुमान जी को अर्पित किए गए श्रीराम नाम अंकित लाल वस्त्र

भोपाल। अधिकमास एवं पांचवें बड़े मंगल के पावन व दुर्लभ संयोग पर राजधानी भोपाल...

भोपाल में आज सजेगा बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार, सुप्रसिद्ध भजन गायक बिखेरेंगे सुरों का जादू

भोपाल। राजधानी भोपाल में खाटू श्याम बाबा के भक्तों के लिए एक भव्य और...