बीएचईई थ्रिफ्ट सोसायटी के प्रथम अध्यक्ष वृत्तपाल गुप्ता के निधन पर गहरा शोक
भोपाल। बीएचईई थ्रिफ्ट एण्ड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड, पिपलानी (भेल) के 1965—70 तक प्रथम अध्यक्ष एवं संस्था के संस्थापक स्तंभों में से एक रहे 95 वर्षीय श्री वृत्तपाल गुप्ता जी के निधन पर संस्था परिवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन को सहकारिता क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि उनके जाने से संस्था ने एक दूरदर्शी मार्गदर्शक और समर्पित सहकारिता कर्मयोगी खो दिया है।
वृत्तपाल गुप्ता ने संस्था की स्थापना एवं प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कुशल नेतृत्व, ईमानदारी और अथक परिश्रम के बल पर ही संस्था ने अपने शुरुआती वर्षों में एक मजबूत आधार प्राप्त किया। उन्होंने सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण और बचत की भावना को प्रोत्साहित करने में अमूल्य योगदान दिया। वह भारतीय मजदूर संघ में भी कई महत्वपूर्ण पदों रहे हैं ।
संस्था के वर्तमान अध्यक्ष, संचालक मंडल, कर्मचारीगण एवं समस्त सदस्यों ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज संस्था जिस सुदृढ़ एवं प्रतिष्ठित स्वरूप में कार्य कर रही है, उसमें श्री गुप्ता जी के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उनका जीवन सेवा और सहकारिता के आदर्शों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। संस्था परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
