भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएचईएल (भेल), भोपाल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः जागृत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इस अवसर पर भेल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने सभी महाप्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यावरण सुरक्षा का आह्वान करते हुए “पर्यावरण सुरक्षा प्रतिज्ञा” दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारा यह नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने परिवार सहित पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को आत्मसात करें। इस खास मौके पर निदेशक (पावर) एवं निदेशक (मानव संसाधन) – अतिरिक्त प्रभार, बीएचईएल तथा कार्यपालक निदेशक द्वारा “पर्यावरण संरक्षण संदेश” भी जारी किया गया।
इसी श्रृंखला में कारखाने के सभी विनिर्माण ब्लॉकों एवं शॉप-फ्लोर में संबंधित विभाग प्रमुखों द्वारा समस्त कर्मचारियों व अधिकारियों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। भेल प्रबंधन द्वारा इस वर्ष पर्यावरण सुधार के संकल्प को और व्यापक रूप देते हुए “प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए (Inspired by Nature; For Climate; For Our Future)” थीम के साथ पूरे कारखाने में ‘पर्यावरण जागरूकता माह’ मनाने का निर्णय लिया गया है। दिनांक 5 जून से शुरू होकर 4 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान कारखाने और टाउनशिप में कई ज्ञानवर्धक व रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण, टाउनशिप क्षेत्र के हाट-बाज़ारों व रहवासी इलाकों में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन हेतु जागरूकता अभियान, विभिन्न चिन्हित स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण, तथा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता व “वेस्ट टू बेस्ट” जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सके।
