चंडीगढ़। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में नए स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सम्मानित किया और उन्हें सीड ग्रांट के चेक वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हर नए विचार और स्टार्टअप का शुरुआती दौर में विरोध होता है, लेकिन यदि उसमें दम और ईमानदारी हो तो वह एक दिन सफलता की नई कहानी लिखता है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भी देश की राजनीति का एक सफल “राजनीतिक स्टार्टअप” है, जिसने पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देकर अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी राजनीति में आई थी, तब लोगों ने कहा था कि यह पार्टी एक साल भी नहीं चल पाएगी, लेकिन आज पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है और पंजाब में 92 विधायकों के साथ सरकार चला रही है। उन्होंने कहा कि उस दौर में राजनीति कुछ चुनिंदा परिवारों तक सीमित होकर रह गई थी और राजनीतिक दलों ने सत्ता की बारी-बारी तय कर रखी थी।
ऐसे समय में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की स्थापना कर आम लोगों को राजनीति में भागीदारी का अवसर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के कई विधायक पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल जैसे बड़े राजनीतिक नेताओं एवं उनके परिवारों के उम्मीदवारों को हराकर विधानसभा पहुंचे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने ऐसे लोगों को भी नेतृत्व के अवसर दिए हैं, जिनके बारे में पहले कभी राजनीति में आने की कल्पना नहीं की गई थी।
उन्होंने लुधियाना की एक शिक्षिका का उदाहरण देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली वह महिला पार्टी से जुड़ी, पार्षद बनी और बाद में शहर की महापौर भी बनी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि नए विचारों और नए रास्तों का अक्सर विरोध होता है, लेकिन बदलाव का साहस रखने वाले लोग ही इतिहास बनाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विचार की सफलता लोगों के विश्वास, ईमानदारी और सच्चाई पर निर्भर करती है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने आह्वान किया कि वे नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ें तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।
