भोपाल। राजधानी की गोविंदपुरा थाना पुलिस की तत्परता और एक ऑटो चालक की ईमानदारी के चलते एक परिवार की जिंदगी भर की कमाई सुरक्षित बच गई। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी जाते समय रायसेन जिले के बेगमगंज निवासी पूनम साहू अपना एक बैग ऑटो में ही भूल गए थे, जिसमें करीब 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रखी हुई थी। पीड़ित द्वारा सूचना दिए जाने के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी इनपुट की मदद से ऑटो चालक को ट्रैक किया और बैग में रखे पूरे सामान को बरामद कर फरियादी को सकुशल सौंप दिया।

पीड़ित पूनम साहू ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ रानी कमलापति स्टेशन पर उतरे थे और वहां से आगे की यात्रा के लिए आईएसबीटी जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए थे। आईएसबीटी बस स्टैंड पर उतरने और ऑटो के चले जाने के बाद उन्हें अचानक याद आया कि जेवरातों से भरा मुख्य बैग ऑटो में ही छूट गया है। घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश तोमर को दी। मामले की गंभीरता और उसमें रखी भारी रकम को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर स्टेशन से लेकर आईएसबीटी तक के मार्ग पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और कुछ ही घंटों में संबंधित ऑटो चालक को ढूंढ निकाला।

पुलिस टीम ने जब ऑटो चालक से संपर्क किया, तो उसने भी ईमानदारी का परिचय देते हुए बताया कि सवारी को छोड़ने के बाद उसके ऑटो में एक बैग जरूर छूटा था, लेकिन उसने उसे खोलकर नहीं देखा था और वह उसे सुरक्षित रखने की सोच ही रहा था। ऑटो चालक ने पुलिस का पूरा सहयोग किया और तुरंत बैग लेकर गोविंदपुरा थाने पहुंच गया। पुलिस की मौजूदगी में जब बैग को खोला गया, तो उसमें लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, चांदी के आभूषण और नगदी सुरक्षित मिले, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए है। पुलिस ने वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पूरा सामान फरियादी पूनम साहू के सुपुर्द कर दिया।
