भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल), भोपाल के फीडर विभाग के ब्लॉक-10 स्थित प्रेस शॉप में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित अंतिम (37वें) सेट की सुपुर्दगी की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कार्यपालक निदेशक (भोपाल), प्रदीप कुमार उपाध्याय ने TA9901 ट्रैक्शन अल्टरनेटर के लिए स्टेटर पंचिंग और CRNGO इनकट से तैयार HS15250 ट्रैक्शन मोटर की आर्मेचर पंचिंग को तय समय सीमा के भीतर निर्मित कर संबंधित प्रोडक्ट ग्रुप को सौंपा। इस निर्माण के महत्वपूर्ण विनिर्माण दस्तावेज़ वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (प्रेस शॉप) महेंद्र कुमार सहारे द्वारा अपर महाप्रबंधक (टीएक्सएम) देवेंद्र कुमार बंछोर और अपर महाप्रबंधक (टीएएम) दयाराम चौहान को प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक उपाध्याय ने प्रेस शॉप द्वारा मटेरियल बचत हेतु ‘इनकट’ (in-cuts) के कुशल उपयोग से पंचिंग बनाने और इसे समय पर प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की, जिससे लागत में बचत हासिल हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए समस्त कर्मचारियों का उत्साहवर्धन भी किया।
इस विशेष अवसर पर महाप्रबंधक (फीडर्स और ट्रांसफार्मर मैनुफैक्चरिंग, कमर्शियल एवं अनुरक्षण) रूपेश तेलंग, महाप्रबंधक (टीपीटीएन एवं सीईटी) आकाश दाणी, और महाप्रबंधक (फीडर्स) संतोष डोंगरे सहित ट्रैक्शन मोटर व अल्टरनेटर मैनुफैक्चरिंग तथा इंजीनियरिंग के कई वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और प्रेस शॉप की शॉप काउंसिल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
