भोपाल। राजधानी में पुलिस की मुस्तैदी और ईमानदारी की एक अनोखी मिसाल सामने आई है, जहां गोविंदपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक यात्री का ऑटो में छूटा लाखों रुपये का जेवरात से भरा बैग सकुशल बरामद कर लिया। दरअसल, थाना गोविंदपुरा क्षेत्र में एक यात्री का बैग ऑटो में छूट गया था, जिसमें करीब 10 तोला सोना, 2 किलो चांदी और नगदी रखी हुई थी।
फरियादी द्वारा शिकायत दर्ज कराते ही थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और अपनी सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में ऑटो चालक को ट्रेस कर लिया और उसके पास से पूरा माल सुरक्षित बरामद कर फरियादी के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की इस त्वरित और बेहद ईमानदार कार्रवाई से अभिभूत होकर आईएसबीटी (ISBT) पर बस चालकों, ऑटो चालकों और आम नागरिकों ने गोविंदपुरा पुलिस का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। वहां उपस्थित लोगों का कहना था कि खाकी के प्रति जनता का ऐसा सम्मान और ऐसा ऐतिहासिक स्वागत आज तक किसी बड़े राजनेता, मंत्री या विधायक का भी नहीं देखा गया। इस बड़ी सफलता और नागरिकों से मिले अभूतपूर्व सम्मान पर थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने कहा कि जनता की सेवा और सुरक्षा ही पुलिस का पहला कर्तव्य है, और नागरिकों का यही अटूट भरोसा पूरी टीम का मनोबल बढ़ाता है।
इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर के साथ प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह चौहान, आरक्षक दिव्यांशु द्विवेदी, आरक्षक कार्तिक, आरक्षक सतीश और आरक्षक अंशुल मुख्य रूप से शामिल रहे, जिनकी हर तरफ प्रशंसा हो रही है।
