- 1 लाख करोड़ से अधिक के ऑर्डर, लेकिन सिर्फ 4 हजार कर्मचारियों के भरोसे चल रहा काम: महेश मालवीय
- देश हित में केंद्रीय उद्योग मंत्री और भेल सीएमडी से शीघ्र भर्ती निकालने की मांग
भोपाल। महारत्न कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL), भोपाल में जनशक्ति (मैनपावर) की भारी कमी को देखते हुए ‘भेल इंजीनियर्स ऑफिसर्स एसोसिएशन’ ने सभी वर्गों में तुरंत नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की जोरदार मांग की है। संस्था के चेयरपर्सन एवं पूर्व पार्षद महेश मालवीय ने देश हित और भेल के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में केंद्र सरकार के उद्योग मंत्री और भेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र लिखकर शीघ्र कदम उठाने का आग्रह किया है।
एसोसिएशन के चेयरपर्सन महेश मालवीय ने बताया कि पूर्व में भेल भोपाल में विभिन्न वर्गों जैसे— टेक्नीशियन (Technicians), सुपरवाइजर (Supervisors), इंजीनियर्स (Engineers) सहित नॉन-टेक्निकल विभागों (फाइनेंस, मेडिकल, सिविल आदि) को मिलाकर 22 हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत थे। वर्तमान में भेल के पास अत्याधुनिक संसाधन और बुनियादी ढांचा पूरी तरह उपलब्ध है। इसके साथ ही, वर्तमान में भेल के पास 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के भारी-भरकम वर्क ऑर्डर मौजूद हैं और भविष्य में भी करोड़ों रुपये के नए ऑर्डर मिलने की पूरी संभावनाएं हैं।
समय पर आपूर्ति बड़ी चुनौती, कर्मचारियों पर मानसिक दबाव
श्री मालवीय ने चिंता जताते हुए कहा कि जहां एक तरफ काम और ऑर्डर्स का अंबार है, वहीं दूसरी तरफ भेल भोपाल में अब मात्र 4 हजार के लगभग ही कर्मचारी और अधिकारी शेष बचे हैं। इतनी कम संख्या में जनशक्ति होने के कारण कार्यरत कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक मानसिक दबाव बना रहता है। ऐसी स्थिति में देश-विदेश के ग्राहकों को समय पर उपकरणों की आपूर्ति (सप्लाई) करना भेल के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, भेल का भविष्य होगा उज्ज्वल
एसोसिएशन का मानना है कि यदि केंद्र सरकार और भेल प्रबंधन जल्द ही सभी तकनीकी और गैर-तकनीकी संवर्गों में नई नियुक्तियां करता है, तो इससे देश के हजारों योग्य युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, समय पर ऑर्डर्स पूरे होने से इस महारत्न कंपनी का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा। इस महत्वपूर्ण मांग का पुरजोर समर्थन करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. खरे और वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर मंडलोई ने भी प्रबंधन से इस दिशा में अविलंब निर्णय लेने की अपील की है।
