भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल की प्लांट कमेटी की बैठक में हेस्टू एचएमएस यूनियन के महामंत्री हेमंत सिंह द्वारा कैंटीन व्यवस्था में सुधार के आग्रह का असर धरातल पर दिखने लगा है। बीएचईएल के मुखिया प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह और भिक्सिक्स अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने स्टाफ कैंटीन का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान इन शीर्ष अधिकारियों ने वीआईपी व्यवस्था के बजाय एक सामान्य कर्मचारी की तरह कतार में खड़े होकर भोजन ग्रहण किया। प्रबंधन द्वारा उठाया गया यह कदम कर्मचारियों की भावनाओं को समझने और कैंटीन की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने की दिशा में एक बेहद सकारात्मक पहल माना जा रहा है। यूनियन ने प्रबंधन के इस संवेदनशील और सराहनीय प्रयास का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे आने वाले दिनों में कैंटीन की गुणवत्ता, स्वच्छता, भोजन की विविधता तथा कर्मचारियों को मिलने वाली अन्य बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
हेस्टू एचएमएस बीएचईएल भोपाल ने इस सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की है कि कर्मचारियों के व्यापक हित में प्रबंधन द्वारा ऐसे जमीनी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।
