भोपाल। बीएचईएल खेल परिसर के एथलेटिक्स ग्राउंड में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पारंपरिक उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में बीएचईएल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय, श्रीमती संगीता रामनाथन, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह, सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमाण्डेंट शिवरतन सिंह मीणा सहित सभी महाप्रबंधकगण, यूनियनों के पदाधिकारी, लेडीज क्लब की उपाध्यक्षाएं और बड़ी संख्या में योग साधक मौजूद रहे। योगाचार्य स्वामी अमृत बिंदु के सानिध्य में सभी ने योग अभ्यास किया।
मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार उपाध्याय ने अपने संबोधन में नई पीढ़ी के भीतर योग के प्रति चेतना जागृत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, “योग से न केवल व्यक्ति का मानसिक तनाव दूर होता है, बल्कि यह मन और मस्तिष्क को असीम शांति भी प्रदान करता है। स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन के लिए हर नागरिक को योग को अपनी दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाना चाहिए।” महाप्रबंधक (मा.सं.) टीयू सिंह ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा का अद्भुत मिलन है। इससे शरीर में लचीलापन आता है और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। नियमित योग से तनाव, चिंता और उच्च रक्तचाप (हाई बीपी) जैसी गंभीर बीमारियां दूर होती हैं। वहीं, योगाचार्य स्वामी अमृत बिंदु ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न आसन एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया और उनके वैज्ञानिक लाभ बताए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपरांत भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय एकता समिति द्वारा पिपलानी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित आदर्श मार्केट में ‘पर्यावरण महोत्सव’ का एक अनूठा आयोजन किया गया। इस दौरान प्रकृति संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए वहाँ स्थित एक विशाल नीम के पेड़ का जन्मदिन केक काटकर बेहद अनोखे अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय के साथ ‘भेकनिस’ के अध्यक्ष व महाप्रबंधक (एसओएम) राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष व महाप्रबंधक (वैक्स एवं एमओडी) ए औरंगाबादकर तथा पूर्व महाप्रबंधक विजय जोशी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
