भोपाल।
भेल कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसाने वाले गिरोह की दो महिला समेत तीन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहे है। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के डर से तीनों आरोपी हर दिन शहर बदल रहे हैं। पुलिस उनका पीछा कर रही है साथ ही उनकी लगातार लोकेशन ट्रेस कर रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस महाराष्ट्र दिल्ली, चंड़ीगढ़ आदि शहरों में दबिश दे चुकी है।
ऐसा माना जा रहा है कि इस मामले में आरोपियों की संख्या बढ़ेगी। पुलिस अब तक इस गिरोह के एक ही सदस्य को गिरफ्तार कर सकी है। गोविंदपुरा पुलिस ने बरखेड़ा निवासी भेल कर्मी एस. सेंथिल कुमार की शिकायत पर दो अज्ञात युवक और दो महिलाओं के खिलाफ अड़ीबाजी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
15 अप्रैल को उसके घर में घुसे दो बदमाशों ने खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए उन्हें पॉक्सो एक्ट में जेल भेजने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपए की मांग की थी। बदमाशों ने उसकेएटीएम व क्रेडिट कार्ड से 1.31 लाख रुपए निकाल लिए थे। 23 हजार 500 रुपए उनकी अलमारी से निकालकर ले गए थे। पुलिस ने पिपलानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया है।
