भोपाल।
इंद्रपुरी के कई सड़कों की स्थिति खस्ता हाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। नगर निगम की उदासीनता के कारण लंबे समय से सड़कों की यही दशा है। इंद्रपुरी से भवानी धाम को जाने वाली सड़क का तो यह हाल है कि हर हफ्ते किसी न किसी कारण से सड़क खोद दी जाती है।
कभी पेंचवर्क के नाम पर तो कभी पानी की पाइपलाइन के नाम पर लेकिन स्थानीय रहवासियों की मानें तो पाइपलाइन और पेंचवर्क कभी धरातल पर दिखा ही नहीं। हालात इतने बदतर होते है कि सड़कों में अब चलना किसी मुसीबत से कम नहीं है। एक तो सड़क वैसे ही खस्ताहाल है उस पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं जिस कारण धूल से लोगों को परेशान करती है।
गड्ढों से वाहन चालक भी खासे परेशान रहते हैं। जरा सी चूक के कारण छोटी-छोटी दुर्घटनाएं अक्सर हो रहीं हैं। साइकिल एवं बाइक चलाने वालों की दिक्कतें इन दिनों नगर निगम की बेरुखी से और बढ़ती जा रही हैं। इन गड्ढों को पाटने या सड़कों की मरम्मत करने में निगम रुचि नहीं दिखा रही है। जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। जिन्हें रीढ़ की हड्डी और गर्दन की हड्डी में दर्द की तकलीफ है, सड़कों पर वाहन चलाने से उनकी तकलीफ और बढ़ जाती है।
