भोपाल
सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) ने अपने हजारों कर्मचारियों को होली और वित्तीय वर्ष के अंत से पहले बड़ी राहत दी है। लंबे समय से अर्जित अवकाश (ईएल) के नकदीकरण ( लीव इन्कैशमेन्ट) पर लगी रोक को प्रबंधन ने सशर्त हटा लिया है। इस संबंध में कॉर्पोरेट कार्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
यूनियनों की मांग के बाद लिया निर्णय
जारी सर्कुलर के अनुसार, कंपनी की कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं और वित्तीय बाधाओं के कारण पूर्व में अवकाश नकदीकरण की सुविधा को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और संगठनों के निरंतर अनुरोधों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने अब वार्षिक क्रेडिट (22 से 30 दिन) या अग्रिम क्रेडिट में से वास्तविक शेष राशि के नकदीकरण की अनुमति देने का निर्णय लिया है।
आवेदन के लिए मात्र दो दिन का समय
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी इस सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें 26 मार्च 2026 की शाम 5:00 बजे तक अनिवार्य रूप से आवेदन करना होगा।
SAP-ESS यूजर: जिनके पास लॉगिन सुविधा है, वे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
ऑफलाइन आवेदन: जिनके पास पोर्टल का एक्सेस नहीं है, वे ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
मार्च के वेतन के साथ होगा भुगतान
सर्कुलर के अनुसार, स्वीकृत राशि का भुगतान मार्च 2026 के वेतन के साथ ही किया जाएगा। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि भुगतान मार्च अंत तक उपलब्ध धनराशि और देनदारी पूरी करने की क्षमता पर निर्भर करेगा। यह एक बार की राहत है, इसलिए तय समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इन पर लागू नहीं होगी सुविधा: जिन कर्मचारियों ने वित्तीय वर्ष के दौरान कॉर्पोरेट मानव संसाधन परिपत्र संख्या 023/PPX/2019 के प्रावधानों के तहत पहले ही इस सुविधा का लाभ उठा लिया है, वे इस बार पात्र नहीं होंगे।
