— भेल ट्रेड यूनियन सयुंक्त मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने जीएम—एचआर से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन
भोपाल।
भेल ट्रेड यूनियन सयुंक्त मोर्चा(एचएमएस, ऐबू, सीटू) के एक प्रतिनिधि मंडल ने भेल में नई शिफ्ट टाइमिंग में बदलाव, रात्रिकालिन भत्ते का 1 जनवरी 2020 से पुनरीक्षण करने, एरियर्स का भुगतान करने आदि की मांगों को लेकर शुक्रवार को भेल के महाप्रबंधक मानव संसाधान से मुलाकात की व उन्हें अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने भेल के प्रशासनिक भवन में ईडी कार्यालय में एसए टू ईडी से भी भेंट की व अपनी मांगों से अवगत कराया।
मोर्चा ने प्रबंधन को अवगत कराया कि प्रबंधन द्वारा शिफ्ट टाइमिंग के संबंध में दिनांक 02 जनवरी 2024 को परिपत्र जारी किया गया था, जिसके अनुसार नई शिफ्ट टाइमिंग को दिनांक 08 जनवरी 2024 से लागू किया गया जो कि प्रबंधन की गलत मानसिकता को दर्शाता है। इसका प्रबंधन ने विरोध किया और कहा कि जल्द इस संबंध में निर्णय नही लिया गया तो सयुंक्त मोर्चा बीएचईएल भोपाल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन करेगा। इसी तरह भेल की विभिन्न इकाईयों में पिछले कुछ माह में पाली के समय में परिवर्तन किया गया है।
सभी इकाईयों ने अपने कर्मचारियों व कारखाने के अनुरूप शिफ्ट पाली का परिवर्तित किया है, लेकिन बीएचईएल भोपाल में प्रबंधन ने एक तरफा आदेश जारी कर शिफ्ट पाली को सुबह 7:00 से शाम 3:30 बजे तक व द्वितीय पाली को शाम 3:30 बजे से रात्रि 12:00 तक कर दिया था। भेल ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा द्वारा मानव संसाधन विभाग को इस संबंध में कई पत्र व विकल्प सुझाए गए जिस पर एचआर विभाग द्वारा कहा गया कि जल्द ही इस विषय पर बैठक कर कर्मचारी व कारखाने के हित में एक निर्णय लिया जाएगा। जबकि कई माह बीत जाने के बाद भी इस विषय पर प्रबंधन दवारा अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। वर्तमान शिफ्ट टाइमिंग बीएचईएल भोपाल के कर्मचारियों व कारखाने के हित में नहीं है।
मोर्चा ने यह मांगे प्रबंधन के सामने रखीं
बीएचईएल भोपाल में प्रथम पाली प्रात: 06.45 से प्रारम्भ होकर दोपहर 3.15 बजे समाप्त की जाए एवं द्वितीय पाली दोपहर 3.15 बजे प्रारम्भ कर रात्रि 11.30 बजे तक समाप्त की जाए। कोरोना से पूर्व में चली आ रही प्रथम पाली प्रातः 7.00 बजे से दोपहर 4.00 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 4.00 बजे से रात्रि 1.00 बजे तक रात्रिकालीन भत्ते के साथ पुनः चालू की जाए। रात्रिकालिन भत्ते का 1 जनवरी 2020 से पुनरीक्षण कर 500 रुपए किया जाए एवं उसका भुगतान एरियर्स सहित किया जाए। इंसेंटिव स्कीम का पुनरीक्षण कर कम से कम 10 हजार रुपए इन्सेंटिव कर्मचारियों को प्रदान किया जाए। जल्द संयुक्त समिति की बैठक कर पीपी बोनस का निर्धारण कर भुगतान किया जाए एवं लंबित मुद्दे हल किए जाएं।
—————————————————————————
15 जून से शुरू होगी भेल की स्टॉफ कैंटीन
भोपाल। बीएचईएल भोपाल यूनिट की स्टॉफ कैंटीन 15 जून से शुरू होगी। इस मामले को लेकर एचएमएम और प्रबंधन के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। एचएमएस इस कैंटीन को शुरू करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। भेल प्रबंधन ने कैंटीन को शुरू करने की यूनियन की मांग को स्वीकार कर लिया है। एचएमएस यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि बुफ़े सिस्टम को फिर से शुरू करने व पूड़ी व पापड़ को भी कर्मचारियों की थाली में बढ़ाने का प्रस्ताव प्रबंधन को दिया है। इस पर प्रबंधन ने शीर्ष प्रबंधन से बात कर लागू कराने का आश्वासन भी दिया है।
