भोपाल।
भोपाल केसरवानी वैश्य समाज ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक अनूठे और प्रेरणादायक तरीके से देशभक्ति का संदेश फैलाया। केसरवानी भवन भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज ने केवल आजादी का जश्न ही नहीं मनाया, बल्कि अपने वीर सैनिकों का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर 21 सीएसआर एरिन के लेफ्टिनेंट कर्नल अजित जे बाबू के सहयोग से कार्यक्रम में आमंत्रित 06 वीर सैनिकों को फूलमाला और राखी बांधकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शिवकुमार गुप्ता (डीएसपी), स्मिता राशि (अध्यक्ष, अवनी वेलफेयर समिति) और वरिष्ठ समाजसेवी अनूप कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। समाज के वरिष्ठ सदस्य रूपकुमार गुप्ता, सचिव संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष शालिनी गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों ने सभी सैनिकों और अतिथियों को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत अवनी वेलफेयर के अध्यक्ष विजय गुप्ता ने वीर सैनिकों को सीडबाल्स का वितरण किया और उन्हें वृक्षारोपण के महत्व और तरीकों के बारे में जानकारी दी। इसके माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनिल गुप्ता ने इस विशेष आयोजन में पौधे देकर सैनिकों को सम्मानित किया और समाज को एकजुट होकर राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समाज की महिलाओं ने अपने हाथों से राखियां बनाई और उन्हें सैनिकों की कलाई पर बांधकर देश की रक्षा के प्रति अपने समर्पण का संदेश दिया। राखी प्रतियोगिता का आयोजन भी इस अवसर पर किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित अतिथि और वीर सैनिकों के द्वारा पुरस्कार दिए गए। प्रथम पुरस्कार विधि केसरवानी को 1000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया, द्वितीय पुरस्कार सौम्या गुप्ता को 501 रुपये, और तृतीय पुरस्कार सीमा गुप्ता को 251 रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।
सैनिकों ने इस आयोजन के प्रति कृतज्ञता और गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जहां उनका कर्तव्य देश की सेवा करना है, वहीं इस राखी समारोह ने उन्हें सैनिकों से प्यारे भाइयों में बदल दिया है। उन्होंने समाज की महिलाओं द्वारा दिखाए गए प्यार और समर्थन से प्रेरित होकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए खुद को समर्पित करने का वचन दिया।
इस आयोजन ने नागरिक-सैन्य सम्बन्धों और राष्ट्र के रक्षकों के समर्थन में महिलाओं की सशक्त भूमिका के महत्व को उजागर किया। इस कार्यक्रम की सफलता के लिए समाज के कई प्रमुख सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अमृतलाल गुप्ता, संजय गुप्ता, गुलाब गुप्ता, राजेश गुप्ता, अनंत लाल गुप्ता, सुनील गुप्ता, सुनील गुप्ता आदि मौजूद थे।
