-मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत होंगे शामिल
-अखंडता व एकता का प्रतीक होगा, अमर शहीद हेमू कालानी का जन्मशताब्दी वर्ष का समापन समारोह
भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय सिंधू सभा एवं समस्त सिंधी समाज के तत्वावधान में 31 मार्च 2023 को भेल दशहरा मैदान में अमर शहीद हेमू कालानी जी के जन्मशताब्दी वर्ष का समापन समारोह आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शिरकत करेंगे। इसके अलावा इस समारोह में शामिल होने के लिए हिंदुस्तान से ही नहीं अपितु देश विदेश से भी लगभग एक लाख से भी अधिक सिंधी भाषी लोग राजधानी भोपाल पहुंच रहे है।
इस जन्मशताब्दी वर्ष समापन समारोह के संयोजक व भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री भगवानदास ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुये बताया कि पूरे देश में रहने वाले सिंधी समाज के लिये यह गर्व की बात है कि जो 31 मार्च 2023 को परमपूजनीय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में भारतीय सिंधु सभा द्वारा अमर शहीद बलिदानी हेमू कालानी जी के जन्मशताब्दी वर्ष का समापन समारोह का भव्य आयोजन राजधानी भोपाल में होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी है।
इस समारोह में मध्य प्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित दक्षिण भारत से लगभग एक लाख से भी अधिक संख्या में सिंधी समाज के लोग शामिल हो रहे है। इस समारोह में देश भर से सिन्धी समाज के संतजन को भी आशीर्वाद देने मौजूद रहेंगे । जिसमें सर्वप्रथम महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन (भीलवाड़ा) अखिल भारत सिन्धु सन्त समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष साईं खिम्यादास (सतना) महामंत्री साईं हंसदास (रीवा) शदाणी दरबार के गद्दीनशीन साईं युधिष्ठिरलाल (रायपुर) वसणशाह दरबार कल्याण से साईं कालीराम , साईं डॉ. सन्तोषदास (अमरावती) सन्त कंवरराम आश्रम के गद्दीनशीन साईं राजेश लाल (अमरावती) प्राचीन झूलेलाल मन्दिर भरूच से ठकुर मनीषलाल , शिव शांति आश्रम लखनऊ से साईं मोहनलाल प्रमुख हैं।
इसके अलावा संत युधिष्ठिर लाल की अगुवाई में सिंध पाकिस्तान से आया 325 लोगों का जत्था भी समारोह में शामिल हो रहा है। समारोह में विशेष रूप से महेश जेठमलानी ( राज्यसभा सदस्य) शंकर लालवानी ( सांसद) डॉ. सुरेश आड़वानी (पदम भूषण) पंकज आडवानी (स्नूकर के विश्व विजेता) उधोगपति संजीव बिखचंदानी, सीपी गुरनानी, इंदर जयसिघानी, राम बख्शानी, राम जवाहरानी गायक मोहित लालवानी, जतिन उदासी, मंजुश्री आसुदानी, शुभम नाथानी, भाग्यश्री (इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर) राज रोहड़ा (सिंधी कहानी लेखक) सहित सिंधी समाज के ख्यातिनाम लोग भी इस समारोह में शामिल होने आ रहे है।
सबनानी ने बताया कि इस समारोह में सिन्ध के स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित एक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा, साथ ही कार्यक्रम स्थल भेल दशहरा मैदान में सिन्ध के गौरवशाली व समृद्ध इतिहास, स्वाधीनता की लड़ाई में सिन्ध के योगदान एवं सिंधी साहित्य पर एक प्रदर्शनी भी लगाई जायेंगी, जिससे सिंधी समाज की युवा पीढ़ी को इस गौरव का अनुभव हो सके, साथ ही हेमू कालाणी व उन जैसे अनेक वीर क्रांतिकारियों की जानकारी प्राप्त कर उनसे प्रेरणा ले सके।
