भोपाल
जेके रोड के एक तरफ का हिस्सा बनकर पूरी तरह तैयार नहीं हुआ और दूसरी तरफ के रोड पर काम चालू करने के लिए ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। इस सड़क से राहगीरों को गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत बहुत ज्यादा खस्ता है। आए दिन इन पर गिरकर कोई न कोई वाहन चालक जरूर चोटिल होता है। सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में आती है। वाहन चालक अचानक से सड़क पर पड़े गड्ढों में फसकर गिर जाते हैं। रोजाना सैकड़ों वाहन सड़क से होकर गुजरते हैं, जिसके कारण सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। यहां हादसे होने का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है।
जेके रोड को सीसी रोड बनाने का काम करीब एक साल पहले शुरू हुआ था। लगभग एक साल हो चुका है, लेकिन अब तक मिनाल की तरफ से जेके रोड तिराहे तक जाने वाली एक तरफ की सड़क का पूरा काम नहीं हुआ है। इसमें करीब 50 मीटर से ज्यादा के हिस्से पर कंक्रीट का काम होना बाकी है। इसके अलावा पानी निकासी के लिए अभी भी नाली निर्माण का काम चल रहा है। ऐसे में दूसरी तरफ का इतना ही रोड 3 महीने में कैसे पूरा होगा।
नरेला और गोविंदपुरा क्षेत्र को जोड़ने वाली करीब 2 किलोमीटर की जेके रोड को फोरलेन सीमेंट-कंक्रीट रोड बनाया जा रहा है। 20 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी इसे बना रहा है। इससे पहले साल 2010 से 2015 के बीच इस सड़क को एक आदर्श रोड बनाने का काम किए गए थे। यह रोड नरेला और गोविंदपुरा की करीब तीन लाख से ज्यादा आबादी को जोड़ता है।
