— फूटी सीवेज लाइन को सुधारने निगम अमला नहीं दे रहा है ध्यान
— नजदीक है वार्ड कार्यालय, फिर भी नहीं हो रही सुनवाई
भोपाल
भेल क्षेत्र के खजूरी वार्ड कार्यालय तुलसी परिसर के पास बीेते तीन दिन से सीवेज की लाइन फूटी हुई है। नाले पर बनी पुलिया पर गंदे पानी का भराव हो रहा है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों का गुजरना मुश्किल भरा बना हुआ है। गंदगी और बदबू के बीच लोग आवाजाही कर रहे हैं। इसकी शिकायतें रहवासियों ने की, लेकिन निगम का अमला ध्यान नहीं दे रहा है।
भेल सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास परिषद के संयोजक शिवराज सिंह ने बताया कि तुलसी परिसर की सीवेज 3 दिन से फूटी हुई है। आसपास बने घर में रहने वाले लोग बदबूदार वातावरण में रहने को मजबूर हैं। मजेदार बात यह है कि जहां यह समस्या है वहीं वार्ड कार्यालय है। उनका कहना है कि निगम में शिकायत करने पर सुनवाई में देरी होती है जबकि टैक्स समय पर जमा नहीं करने पर बिना देरी किए पैनॉल्टी लगा दी जाती है। इस व्यवस्था में सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग विरोध प्रदर्शन करेंगे।
