भोपाल।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर विधानसभा के भाजपा गुरुनानक मंडल द्वारा गोल घर शाहजहानाबाद में आयोजित “रक्षाबंधन महोत्सव” कार्यक्रम में स्वच्छताग्रही बहनों ने सांसद आलोक शर्मा की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। ये वो बहनें हैं जो पूरे शहर में स्वच्छता के लिए काम करती हैं, सूरज उगने से पहले उठकर घर घर से कचरा कलेक्ट करती हैं। ये बहनें जब से आलोक शर्मा को राखी बांधती आ रही हैं जब 2015 में वे महापौर थे। रक्षाबंधन का ये लगातार दसवां वर्ष है। न तो बहनों के उत्साह में कमी आई है और न ही भैया के स्नेह में। आलोक शर्मा को राखी बांधने वाली बहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को करीब 1500 बहनों ने सांसद शर्मा को राखी बांधी।
हितग्राही बहनों ने प्रधानमंत्री का माना आभार
रक्षाबंधन महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में वे बहनें भी पहुंचीं थी जो केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहीं हैं। लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, उज्ज्वला, पीएम आवास, फ्री राशन का लाभ पाने वाली इन बहनों ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं वाली प्रिंटेड राखी सांसद शर्मा को बांधकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। सांसद आलोक शर्मा ने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से लाखों, करोड़ों बहनों के जीवन में बदलाव आया है। सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पिछले दस वर्षों में जो प्रगति और गरीब कल्याण के लिए काम हुए हैं वे ऐतिहासिक हैं। यही वजह है कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि से करोड़ों देशवासियों के जीवन स्तर में सुधार आया है। रक्षाबंधन महोत्सव में मालती राय, मंडल अध्यक्ष राकेश कुकरेजा, पार्षद देवेंद्र भार्गव, पूर्व पार्षद महेश मकवाना, पार्षद राजू कुशवाह, पार्षद पूजा शर्मा, सरोज आसेरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद।
