भोपाल
भेल क्षेत्र के हबीबगंज स्थित विश्वकर्मा नगर में बंगाली समाज के तीन दिवसीय श्री श्री शांति हरिचांद महोत्सव का शुक्रवार को नगर कीर्तन और महाभोग की प्रसादी के साथ समापन हो गया। इस तीन दिवसीय महोत्सव में बंगाली समाज की मान्यता अनुसार विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए गए। इसमें देश भर के विभिन्न प्रांतों से आई कीर्तन मंडलियों ने आपनी शानदार प्रस्तुति के साथ अखंड कीर्तन किए।
समाज के अध्यक्ष दीपक मंडल ने बताया कि बंगाली समाज के मोतुआ समुदाय के आराध्य पूर्ण ब्रह्म श्री श्री हरिचांद ठाकुर और जगत जननी श्री श्री शांति माता के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय आयोजन किया जाता है।
महोत्सव के इन तीन दिनों में विभिन्न प्रांतों और जिलों से 25 से 30 हजार लोग शामिल हुए। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर में दधि मंगल और सिंदूर खेला गया। इसमें एक दूसरे को सिंदूर लगाया। महाभोग और भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
बिलखिडिय़ा क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने की मांग
भोपाल। नशा मुक्ति अभियान के तहत छावनी पठार के ग्रामीण और महिलाओं के साथ अंतरराष्ट्र्रीय मानव अधिकार संगठन की तहसील हुजूर प्रभारी तुलसा साहू, अध्यक्ष जानवी ठाकुर, उपाध्यक्ष रूपमती अहिरवार, सचिव पलक चौहान ने थाना प्रभारी बिलखिरिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में थाना क्षेत्र में हो रही अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री को रोकने की मांग की। थाना प्रभारी ने इस मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की बात कही। इस संबंध में मध्य प्रदेश सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि हमारे पास लगातार इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। इन तमाम गतिविधियों पर हमारी नजर है। टीम ने थाना प्रभारी को इस विषय में संज्ञान लेने के लिए आवेदन दिया है। जरूरत पडऩे पर एसपी कार्यालय में आवेदन देने के साथ कलेक्टर को अवगत कराएंगे।
