भोपाल
भेल में पहली बार प्लांट कमेटी की बैठक का बहिष्कार करने वाली एचएमएस,ऐबू और सीटू यूनियन शनिवार को भेल के गेस्ट हाउस पर प्रदर्शन करेंगी । इस बैठक में बीएमएस यूनियन के अलावा इंटक यूनियन भी भाग ले सकती है । इधर तीनों यूनियन इस बाद से नाराज हैं कि कर्मचारियों की मांगों को प्रबंधन पूरा करें इसके बाद कमेटियों का गठन कर बैठक बुलाई जाये । इस बैठक को लेकर काफी विवाद की स्थिति बनी हुई है ।
बीएमएस यूनियन ने अपने सदस्यों के नाम प्लांट कमेटी में दे दिये हैं जबकि ऐबू,एचएमएस और सीटू ने सदस्यों के नाम नहीं दिये हैं बल्कि कर्मचारियों की पुरानी मांगों को लेकर बहिष्कार कर दिया । उन्होंने कहा कि भेल प्रशासन को पहले कर्मचारियों की मांगों का निपटारा करना होगा फिर प्लांट कमेटी की बैठक का आयोजन । इसलिये चुनी हुई अन्य प्रतिनिधि यूनियनों ने प्लांट कमेटी का बहिष्कार किया है ।
एचएमएस के वरिष्ठ सचिव हेमंत सिंह का कहना है कि प्लांट कमेटी की बैठक को रोकने के लिये प्रबंधन को पत्र सौंप दिया है साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि यदि गेस्ट हाउस में प्लांट कमेटी बैठक होती है तो तीनों प्रतिनिधि यूनियन एक साथ मिलकर शनिवार को दोपहर 3 बजे गेस्ट हाउस पर प्रदर्शन करेंगी ।
