भोपाल
राजधानी भोपाल के रंभा नगर इलाके में घूरने को लेकर हुए विवाद में 6 लोगों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने युवक के पेट और हाथ में चाकू से तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौतम नगर थाना पुलिस के अनुसार गुलफाम पुत्र मोहम्मद जुबैर (31) रंभा नगर क्षेत्र में रहता है और बाग फरहत अफजा इलाके में लेडीज टेलर की दुकान चलाता है। इसी इलाके में साजिद मौलाना और शाहजाद मौलाना भी रहते हैं। बताया गया कि रविवार रात गुलफाम साजिद के घर के पास खड़ा था। इसी दौरान साजिद ने उसे घूरने की बात कहकर टोका, जिस पर दोनों के बीच बहस हो गई।
घर के पास रोककर की मारपीट
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात जब गुलफाम अपने घर जा रहा था, तभी साजिद और उसके बेटे ने उसे रास्ते में रोक लिया और घूरने की बात को लेकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर साजिद का भाई शाहजाद, उसका बेटा, साहिल बच्चा और बिलाल बच्चा भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर गुलफाम की पिटाई कर दी।
चाकू से किए कई वार
मारपीट के दौरान साहिल और बिलाल ने गुलफाम पर चाकू से हमला कर दिया। पेट और हाथ में तीन वार होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद सभी आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल गुलफाम को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Read Also :- होटल संचालक की गुप्ती मारकर हत्या, अशोका गार्डन में तनाव और चक्काजाम
