भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल मंगलवार को उस समय सियासी संग्राम का केंद्र बन गई, जब कांग्रेस की ‘किसान महाचौपाल’ में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार की विदेश और आर्थिक नीतियों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका के बीच हुई हालिया ‘ट्रेड डील’ को देश के खिलाफ बताते हुए दावा किया कि व्यक्तिगत और राजनीतिक दबाव में आकर देश के करोड़ों किसानों और भारत के ‘डिजिटल डेटा’ का सौदा कर लिया है। राहुल ने आरोप लगाया कि अमेरिका में अडाणी पर चल रहे क्रिमिनल केस और ‘एपस्टीन फाइल्स’ के खुलासे के डर से सरकार झुकी है।
डेटा की संप्रभुता: राहुल ने चेतावनी दी कि 21वीं सदी में ‘डेटा’ ही सबसे बड़ी ताकत है। इस डील के जरिए भारत का विशाल डेटा बैंक अमेरिका को सौंप दिया गया है, जिससे भारत का भविष्य खतरे में है। किसानों और टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर गहरा संकट महाचौपाल में राहुल गांधी ने किसानों को आगाह किया कि इस ट्रेड डील के तहत अमेरिका से सोयाबीन, कपास और भुट्टा (मक्का) बिना किसी बाधा के भारत आएगा। स्थानीय बाजार होगा ध्वस्त: सस्ते अमेरिकी कपास के आने से भारत का टेक्सटाइल सेक्टर और स्थानीय बुनकर प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। गारंटी की शर्त: राहुल के अनुसार, भारत को हर साल अमेरिका से 9 लाख करोड़ रुपये का माल खरीदने की गारंटी देनी पड़ी है, जिससे घरेलू उत्पादन ठप हो जाएगा। राहुल ने आरोप लगाया कि इतिहास में पहली बार नेता प्रतिपक्ष को लोकसभा में बोलने से रोका गया, खासकर जब वे चीनी घुसपैठ और पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब पर बात करना चाहते थे।
सभा स्थल (अटल पथ) पर भारी भीड़ के कारण पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कई कार्यकर्ता बैरिकेड्स और बिजली के खंभों पर चढ़ गए। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भाजपा का पलटवार: राहुल को रबी-खरीफ का अंतर नहीं पता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के आरोपों को हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को यह तक नहीं पता कि रबी और खरीफ की फसलें क्या होती हैं, वे किसानों के हित की बात क्या करेंगे? वहीं कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कहा कि जिसे यूरिया और खाद का व्यावहारिक ज्ञान नहीं है, वह केवल राजनीति चमकाने भोपाल आया है।
Read Also :- बीएचईएल अग्निशमन दल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, महाप्रबंधक तैलंग ने किया टीम को सम्मानित
