इंदौर। शहर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बर्तन व्यापारियों से कलेक्शन कर लौट रहे एक एजेंट से एक्टिवा सवार दो बदमाश करीब 30 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों से नकदी एकत्र कर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक्टिवा पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने धमकाकर उनके हाथ से पैसों से भरा बैग छीन लिया और तेजी से मौके से फरार हो गए। बैग में करीब 30 लाख रुपए की नकदी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मुकेश अग्रवाल ने रात करीब 9 बजे पंढरीनाथ थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन थानों की पुलिस को लगाया गया है।
आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और करीब 25 पुलिसकर्मी बदमाशों की पहचान एवं तलाश में जुटे हैं। पुलिस देर रात तक आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों की जांच करती रही। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को कलेक्शन एजेंट की गतिविधियों और उसके पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। इस कारण पुलिस परिचितों या अंदरूनी जानकारी रखने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
