भोपाल. मध्य प्रदेश के सबसे बड़े भोजपाल महोत्सव मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजधानी के भेल दशहरा मैदान पर भेल जनसेवा समिति द्वारा आयोजित इस मेले का 14 नवम्बर से भजन संध्या के साथ भव्य आगाज होगा। मेले में भव्य स्वागत द्वार, सांस्कृति मंच, ट्रेडिशनल सेल्फी जोन तैयार हो रहा है। लोगों को शहर में ही बाबा अमरनाथ के दर्शन होंगे। तो दूसरी ओर युवा जादूगर प्रिंस अपने जादुई करतब दिखाएंगे।
डंकी बताएगा लोगों का भविष्य
14 नवंबर से शुरू होने वाले भोजपाल महोत्सव मेले में शहरवासियों को इस बार बहुत कुछ नया देखने को मिलेगा। डंकी शो और रोबोटिक एनीमल खास होगा। मेले में पहली बार दिखाए जाने वाले यह खास शो, बच्चों के लिए आकर्षण होगा। ‘डंकी शो’ में हास्य और रोमांच का तड़का होगा, तो डंकी लोगों को उनका भविष्य बताएगा। दूसरी ओर रोबोटिक एनीमल शो में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जानवरों की हूबहू प्रतिकृतियां दिखाई जाएंगी, जो बच्चों और युवाओं के लिए विज्ञान और मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण होगा।
राजधानीवासियों को रहता है सालभर इंतजार
राजधानीवासियों का पसंदीदा भोजपाल महोत्सव मेला इस साल 14 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। मेला समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि राजधानीवासियों को इस मेले का साल भर इंतजार रहता है। मेले में दर्शकों के मनोरंजन के लिए इस बार कई खास आकर्षण जोड़े गए हैं। प्रदेश के इस सबसे बड़े भोजपाल महोत्सव मेले में एक ओर जादूगर प्रिंस अपनी जादुई करतब दिखाएंगे तो दूसरी ओर बाबा अमरनाथ मेले में आने वाले लोगों को दर्शन देंगे। इसके लिए मेला परिसर में भव्य झांकी तैयार की जा रही है। पारंपरिक झूले, फूड स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की शान बढ़ाएंगे। 14 नवंबर को भव्य उद्घाटन के साथ यह महोत्सव शुरू होगा। मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
आटोमोबइल से लेकर ऑर्ट गैलरी, इंटीरियर तक की दुकानें
महामंत्री हरीश कुमार राम ने बताया कि मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्टॉनिक, टेलीकॉम, फर्नीचर, हैन्डी क्रॉफ्ट, हैन्डलूम, महासेल, विभिन्न प्रकार के स्वादिस्ट व्यंजन, बैंकिंग इंश्योरेंस, ऑर्ट गैलरी, इंटीरियर, महिलाओं की सौंदर्य सामग्री, खूर्जा क्राकरी, कपड़े सहित विभिन्न प्रकार की करीब 400 दुकानें होंगी।
सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक आयोजन का संगम है मेला
यह मेला सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक आयोजन का पारिवारिक संगम है। मेले में रंगारंग सांस्कृति आयोजनों में सूफी नाइट, रॉक बैंड, विभिन्न प्रदेशों के लोकनृत्य, कल्चरल प्रोग्राम के साथ भोजपुरी और बॉलीबुड कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। मेले में के्रंद और राज्य सरकार की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
सरकार की प्रदर्शनी दिखाएगी राह
मेले में लगाई जा रही केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश राज्य सरकार की प्रदर्शन लोगों को नई राह दिखाएगी। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के साथ उनका लाभ कैसे लें इसकी जानकारी दी जाएगी। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों को मनोरंजन, पारिवारिक मिलन, खरीदारी के साथ ही सरकार की योजनाओं से नई राह मिलेगी।
