भोपाल।
‘बूथ चलो, गाँव चलो’ अभियान के तहत भोपाल जिले की केडिया देव ग्राम पंचायत में आज जिला अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष की सहमति से ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति का गठन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण भोपाल के अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी, प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज, किसान कांग्रेस अध्यक्ष राम मेहर एवं अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण भोपाल के तत्वावधान में ग्राम टीला खेड़ी में किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों ने सिंचाई, समर्थन मूल्य, खाद-बीज, बिजली और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना और उनके अधिकारों की रक्षा हेतु हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया। प्रदेश कांग्रेस ने आगामी दो महीनों में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तरीय कांग्रेस समितियों के गठन और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
