भोपाल।
राजधानी भोपाल के वार्ड-31 से भारतीय जनता पार्टी की पार्षद बुजला सचान को एसडीएम द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई उनके जाति प्रमाण पत्र को लेकर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई है। एसडीएम टीटी नगर अर्चना शर्मा ने पार्षद को नोटिस जारी करते हुए 23 जनवरी तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है। चुनाव के दौरान जाति प्रमाण पत्र को लेकर घिरीं पार्षद बताया गया है कि पार्षद बुजला सचान चुनाव के दौरान अपने जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवादों में घिर गई थीं।
इसे लेकर कोलार क्षेत्र निवासी शैलेष सेन द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में दावा किया गया कि पार्षद द्वारा प्रस्तुत जाति प्रमाण पत्र संदेहास्पद है।इसी शिकायत के आधार पर एसडीएम ने मामले की जांच शुरू करते हुए पार्षद को नोटिस जारी किया है। 23 जनवरी को एसडीएम कार्यालय में पेश होने के निर्देश एसडीएम अर्चना शर्मा ने नोटिस में निर्देश दिए हैं कि 23 जनवरी को दोपहर 3 बजे पार्षद स्वयं या उनके द्वारा नियुक्त अधिकृत अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि पार्षद या उनके प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होते हैं, तो प्रकरण में एकतरफा निर्णय लिया जा सकता है। महापौर के करीबी मानी जाती हैं पार्षद राजनीतिक गलियारों में पार्षद बुजला सचान को महापौर मालती राय का करीबी माना जाता है। वे अक्सर सार्वजनिक और पार्टी कार्यक्रमों में महापौर के साथ नजर आती रही हैं। इस कारण यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
