भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित सुंदर नगर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाली 28 वर्षीय महिला जूली कुशवाह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त मृतका के दो मासूम बच्चे, जिनमें से एक की उम्र 6 महीने और दूसरे की 2 साल है, मां के शव के पास ही बैठकर रो रहे थे। सब्जी लेने बाहर गए पति सुनील कुशवाह जब महज 20 मिनट बाद घर लौटे, तो कमरे का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका के पति सुनील ने पड़ोस में ही रहने वाले अपने रिश्तेदार राजू कुशवाह और उनके परिवार पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पति का कहना है कि आरोपी आए दिन शराब पार्टी करते थे और मांस खाने के बाद खाली बोतलें व हड्डियां उनके कमरे के पास फेंक देते थे। इस गंदगी और माहौल की वजह से जूली काफी मानसिक तनाव में रहती थी। सुनील के मुताबिक, आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी, जिससे परेशान होकर जूली ने यह कदम उठा लिया।
इधर, अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार एक ही परिसर (कंपाउंड) में रहते थे और उनके बीच साझा जगह (कॉमन स्पेस) के इस्तेमाल को लेकर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला नवविवाहिता से जुड़ा हुआ है, इसलिए कानून के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
