भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र अंतर्गत वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गहराता जा रहा है। 11 मई को हुई इस घटना के 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने से नाराज मृतका की मां वर्षा जैन ने अब पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। मां ने बेटी की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए उसके क्लासमेट और बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगाया है।
उन्होंने इस मामले की तुलना भोपाल की चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत से करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इंस्टाग्राम चैट पर सवाल: मां का दावा- ‘यह मेरी बेटी की भाषा नहीं’ घटना के बाद ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके बॉयफ्रेंड तनीष उर्फ तनु को एक आखिरी संदेश भेजा गया था। इस मैसेज में मां के साथ रोज के विवाद, प्रताड़ना और बचपन की कड़वी यादों का जिक्र करते हुए खुदकुशी की बात कही गई थी। संदेश के अंत में लिखा था— “मां, आखिरकार आपने मेरी जान ले ही ली।” हालांकि, मृतका की मां वर्षा जैन ने इस चैट को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उनका कहना है:ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस उसके बॉयफ्रेंड तनीष के पास भी था।
मैसेज में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ है, वह ख्याति की सामान्य टेक्स्ट लैंग्वेज नहीं है। मामले को आत्महत्या का रूप देकर भटकाने के लिए तनीष ने खुद यह मैसेज प्लांट किया हो सकता है। कलाई पर कट के निशान, 24 घंटे से खाली था पेट शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनाक्रम के वैज्ञानिक साक्ष्य भी कई अनसुलझे सवाल खड़े कर रहे हैं:पीएम रिपोर्ट के अनुसार, मौत से पहले करीब 24 घंटे तक ख्याति ने कुछ नहीं खाया था। उसकी बाईं कलाई पर धारदार चीज से कट के दो निशान मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, जब शव का परीक्षण किया गया तब तक वह करीब 24 घंटे पुराना हो चुका था। मूल रूप से औबेदुल्लागंज की रहने वाली वर्षा जैन भोपाल में अपनी बेटी के साथ रह रही थीं। उन्होंने पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि घटना वाले दिन वह एक स्कूल में इंटरव्यू देने सोनकच्छ गई हुई थीं।
