भोपाल
मध्यप्रदेश में सोमवार को गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में तो मानो आग बरसी। यहां पारा 48.7 डिग्री सेल्सियश पर पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण पक्षी जमीन पर गिरकर दम तोड़ते रहे। नौतपा के तीसरे दिन प्रदेशभर में गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से निकलने में कतराते रहे। भीषण गर्मी के चलते प्रदेशभर में पेड़ों से पक्षी नीचे गिर रहे और उनकी मौत हो रही है।
निवाड़ी जिले का पृथ्वीपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। पृथ्वीपुर में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 48.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार तापमान 48 डिग्री के पार हुआ। इसके साथ ही प्रदेश के करीब डेढ दर्जन शहरों में पारा 45 डिग्री से ज्यादा रहा। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में जबर्दस्त लू चलती रही जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
सोमवार को प्रदेश भर में मौसम आग उगलता रहा। दतिया में 47.4 डिग्री, गुना और खजुराहो में 47.2 डिग्री, आंवरी (अशोकनगर) में 47.1 डिग्री, दमोह में 47.0 डिग्री, राजगढ़ में 46.8 डिग्री, सागर, सीहोर और ग्वालियर में 46.7 डिग्री, शिवपुरी में 46.0 डिग्री, शाजापुर में 45.9 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) में 45.8 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.5 डिग्री, पिपरौंध (कटनी) में 45.2 डिग्री और खंडवा में पारा 45.1 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश के महानगरों में ग्वालियर में पारा सर्वाधिक 46.7 डिग्री पर पहुंचा। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियश रिकार्ड किया गया। जबलपुर में 44.5 डिग्री और इंदौर में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा।भोपाल के मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के राजगढ़, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ जिलो में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर हल्की बरसात होने की भी संभावना है।
