भोपाल। राजधानी के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रात नशे की हालत में ट्योटा हाईराइडर कार से कोहराम मचाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि इस सनसनीखेज मामले में बॉबी और अरीन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इनका एक अन्य साथी संभव फिलहाल फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पकड़े गए आरोपियों ने हुड़दंग की शुरुआत शनिवार रात बजरिया थाना क्षेत्र से की थी।
आरोपियों ने सबसे पहले वहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक (कांस्टेबल) पर कार चढ़ाकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। गनीमत रही कि आरक्षक ने ऐन वक्त पर तत्परता दिखाई और साइड हो गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। आरक्षक को टक्कर मारने के बाद आरोपी अपनी ट्योटा हाईराइडर कार (क्रमांक: MP 04 YR 5682) की रफ्तार बढ़ाकर तेजी से भागे। इसके बाद आरोपियों ने करीब 10 किलोमीटर के दायरे में सड़क पर जमकर तांडव मचाया।
नशे में धुत आरोपी रास्ते में आने वाले आम राहगीरों, हाथ ठेलों और सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को बेरहमी से टक्कर मारते हुए भागते रहे, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। शनिवार रात को शहर की सड़कों पर दौड़ रही इस मौत की रफ्तार की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से वायरलेस पर फ्लैश की गई। सूचना मिलते ही बजरिया थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की कार का पीछा करना शुरू किया। आखिरकार पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को मिनाल गेट नंबर-1 के पास स्थित एमपीबी (MPB) ग्राउंड के पास चारों तरफ से घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस अब फरार आरोपी संभव की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
