भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 10 हजार रुपए के एक इनामी फरार बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए शातिर तरीके से ‘ईरानी डेरे’ में जाकर छिप गया था, जिसे पुलिस टीम ने सूझबूझ से घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हबीब हसमत अली उर्फ राजू ईरानी के भाई के रूप में हुई है। आरोपी हबीब एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में बीते फरवरी महीने से लगातार फरार चल रहा था।
इस पूरे मामले में आरोपी की पत्नी नाजमा अली मुख्य आरोपी है, जबकि हबीब इस अवैध मादक पदार्थों की गतिविधि में उसका मुख्य सहयोगी और मददगार की भूमिका निभा रहा था। फरार होने के कारण पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। निशातपुरा पुलिस टीम जब इलाके में रूटीन पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि इनामी बदमाश क्षेत्र में ही कहीं देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी का पीछा करना शुरू किया। आरोपी भागकर ईरानी डेरे के पास पहुंच गया था, जहां पुलिस ने त्वरित दबिश देकर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान इलाके में पुलिस टीम पर पथराव होने की चर्चाएं भी सामने आईं, लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि आरोपी की गिरफ्तारी पूरी तरह शांतिपूर्वक तरीके से की गई है और पथराव जैसी कोई घटना नहीं हुई। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय से पहले का एक वारंट भी लंबित था। गिरफ्तारी की वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी हबीब को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
