नई दिल्ली/भोपाल। सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रम एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसी) में ‘डायरेक्टर (पावर)’ के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए योग्य और शीर्ष प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारियों की एक शॉर्टलिस्ट जारी की गई है, जिसमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पीएसयू (PSUs) के 12 शीर्ष अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस पद के लिए आगामी 9 जून को साक्षात्कार (इंटरव्यू) आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रतिष्ठित दौड़ में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के भी दो वरिष्ठ अधिकारी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों में एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अपने ही चार अधिकारी शामिल हैं, जिनमें एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर व प्रोजेक्ट हेड संतोष सी.एस., एनयूपीपीएल (NUPPL) के सीईओ दुरईकुमार एस., थर्मल पावर स्टेशन-2 के यूनिट हेड कौशिका सुब्रमण्यम सी. और जनरल मैनेजर मुरुगन ए. के नाम हैं। इनके अलावा नेवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड से जनरल मैनेजर संतोषकुमार भी इस रेस का हिस्सा हैं।
ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड से कोलडैम के बिजनेस यूनिट हेड सुभाष ठाकुर और बादम व नॉर्थ धाडू कोल माइनिंग प्रोजेक्ट्स के हेड अरुण कुमार सक्सेना को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस सूची में भेल (BHEL) के दो बड़े नाम शामिल होने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। इनमें भेल के जनरल मैनेजर व प्रोजेक्ट डायरेक्टर अजय सक्सेना और यादाद्री परियोजना (TGGENCO 5X800 MW) के प्रोजेक्ट डायरेक्टरबिकाश मिश्रा शामिल हैं।
इनके अलावा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सैल) के चीफ जनरल मैनेजर (पावर) अजय शर्मा तथा दामोदर वैली कॉर्पोरेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पीएलएसएस. चैतन्य प्रकाश और सीजीएम मनोज कुमार ठाकुर भी इस दौड़ में शामिल हैं। 9 जून को होने वाले इंटरव्यू के बाद यह साफ हो जाएगा कि एनएलसी में पावर डायरेक्टर की यह अहम जिम्मेदारी किस अनुभवी अधिकारी को सौंपी जाएगी।
