भोपाल। मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और झुलसाने वाली हवाओं के कारण हालात ऐसे बन रहे हैं मानो पूरा प्रदेश गर्म तंदूर में बदल गया हो। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर रह सकती है और कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की आशंका है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना के लिए तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दोपहर के समय हालात बेहद गंभीर रह सकते हैं।
इन जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भीषण गर्मी और तेज लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से गर्म हवाओं की चपेट में हैं। ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं।
येलो अलर्ट वाले जिले
भोपाल, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर समेत कई जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रह सकता है।
नौतपा में और बढ़ेगी तपिश
25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में गर्मी का प्रकोप और बढ़ जाएगा। अगले 9 से 10 दिन तक दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की संभावना है।
दोपहर में घर से निकलने से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। विशेषज्ञों ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढंककर रखने की सलाह दी है।
