भोपाल
एमपी की बीजेपी नेता और राज्य की पूर्व मंत्री इमरती देवी पर विवादित बयान मामले में नया मोड़ आया है। एमपी के पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की इस केस में याचिका पर हाईकोर्ट ने मध्यप्रदेश सरकार और इमरती देवी को नोटिस भेजा है। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इमरती देवी पर विवादित टिप्पणी कर दी थी। पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि “इमरती में अब वो रस नहीं रहा”। जीतू पटवारी की इस टिप्पणी के बाद इमरती देवी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में कोर्ट ने इमरती देवी और राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
एमपी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ बीजेपी की महिला नेता और पूर्व मंत्री इमरती देवी ने एफआईआर FIR दर्ज कराई है। जीतू पटवारी ने इमरती देवी पर पत्रकारों के सवाल पर कह दिया था कि — उनका रस खत्म हुआ…। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली थी।
इमरती देवी को लेकर 3 मई को दिए विवादित बयान पर जीतू पटवारी बुरी तरह फंस गए। इस बयान पर जहां प्रदेश भर में बीजेपी ने जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया वहीं पूर्व मंत्री इमरती देवी ने जीतू पटवारी के खिलाफ मामला भी दर्ज करा दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बयान पर बवाल के बाद माफी भी मांग ली पर इमरती देवी नहीं पसीजीं। जीतू पटवारी ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
क्या कहा था जीतू पटवारी ने
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 3 मई को पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर पूछे एक सवाल पर कहा ”देखो ऐसा है इमरतीजी का अब रस खत्म हो गया, अंदर जो चाशनी होती है.”
एक्स पर बहन—मां जैसा बताया
मामला गरमा गया तो जीतू पटवारी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि ‘मेरे बयान को तोड़मरोड़ कर, गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। मेरी मंशा सिर्फ टालने की थी। इमरती मेरी बड़ी बहन जैसी हैं और बड़ी बहन मां के समान होती है। फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।’ पूर्व मंत्री इमरती देवी पर दिए गए बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ डबरा के साथ अशोक नगर में भी प्रकरण दर्ज है। इमरती देवी इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहीं हैं। पटवारी के माफी मांगने की बात पर उनका कहना है कि ऐसा नहीं होता है कि पहले जूता मार लो फिर माफी मांग लो।
