भोपाल। राजधानी के वार्ड-61 (अवधपुरी क्षेत्र) में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लोगों के घरों में अखबारों के साथ बीजेपी पार्षद मधु शिवनानी के ‘लापता’ होने के पम्पलेट्स मिले। इन विवादित पम्पलेट्स में न केवल पार्षद की तस्वीर लगी है, बल्कि उनकी जानकारी देने वाले को 5 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी की गई है। पम्पलेट्स में आरोप लगाया गया है कि पार्षद पिछले 3 महीनों से क्षेत्र से गायब हैं और उनकी अनुपस्थिति में मृत्यु प्रमाण पत्र समेत कई फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं।
मधु शिवनानी पहली बार की पार्षद चुनी गई हैं और उन्हें कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर का करीबी समर्थक माना जाता है। उनके पति संजय शिवनानी भी भाजपा संगठन में मंडल महामंत्री के पद पर सक्रिय हैं। अवधपुरी जैसे बड़े और संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह के पम्पलेट्स बंटने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पम्पलेट्स किसने बंटवाए हैं। इस पूरे मामले पर पार्षद के पति संजय शिवनानी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पम्पलेट्स के बारे में उन्हें मित्रों के माध्यम से सुबह जानकारी मिली।
उन्होंने कहा, “हमारा बेटा सुशांत नीदरलैंड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। पोते के जन्म के कारण मधु फरवरी में वहां गई थीं। उन्हें मार्च में लौटना था, लेकिन ईरान-अमेरिका युद्ध की स्थिति के कारण फ्लाइट्स री-शेड्यूल हो गईं। साथ ही उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी, जिसके कारण डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी।” परिजनों का कहना है कि पार्षद जल्द ही भोपाल लौट आएंगी। उनके अभाव में परिवार और समर्थक क्षेत्र में सक्रिय हैं। परिवार ने इसे छवि खराब करने की साजिश बताते हुए कहा कि पार्षद के वापस आते ही इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई जाएगी ताकि पम्पलेट्स बंटवाने वाले शरारती तत्वों का पता चल सके।
