भोपाल
भोपाल के जंबूरी मैदान पर आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को कांग्रेस ने जुमले का महाकुंभ बताया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि ये प्रोग्राम फ्लॉप शो साबित हुआ। 10 लाख कार्यकर्ता जुटाने का दावा था, इसके लिए हजारों वाहन और सरकारी बसें लगा दीं। बावजूद इसके 50 हजार लोग भी जमा नहीं कर पाए।सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नाम और काम दोनों से कन्नी काट ली। मोदी ने पिछले 18 साल में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की एक भी स्कीम का नाम नहीं लिया।
मोदी ने शिवराज की एक भी स्कीम की बात नहीं की
सुरजेवाला ने कहा- कार्यक्रम में कई चौंकाने वाली बातें हुईं। प्रधानमंत्री ने सीएम शिवराज के नाम और काम दोनों से कन्नी काट ली। पीएम ने 18 साल में भाजपा सरकार की लागू की गई एक स्कीम की भी चर्चा करना वाजिब नहीं समझा। क्योंकि प्रधानमंत्री जानते हैं कि शिवराज सरकार की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं।मंच पर दो झूठे नेता एक-दूसरे के झूठ पर तालियां बजाते रहे। मुंगेरीलाल के झूठे हसीन सपने देखते रहे कि किसी तरह से मध्यप्रदेश की समझदार जनता भ्रमित हो जाए। मध्यप्रदेश के 8.5 करोड़ लोग प्रधानमंत्री के भाषणों के झूठ और शिवराज सरकार की जनता से लूट का जवाब जानना चाहते हैं। उसके पांच पहलू लेकर मैं आया हूं।
युवाओं ने 18 साल में भविष्य बर्बाद होते देखा
सुरजेवाला ने कहा- प्रधानमंत्री ने युवा वोटर्स की चर्चा की। युवा वोटर्स ने 18 साल की भाजपा सरकार में क्या देखा? प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार वोट दे रहे लोगों ने मध्य प्रदेश में तरक्की देखी, लेकिन सच क्या है? युवाओं ने पिछले 18-20 साल में व्यापमं घोटाले में 23 प्रकार की भर्ती परीक्षा में एक करोड़ नौजवानों का भविष्य बर्बाद होते देखा।
लाखों युवाओं ने पटवारी भर्ती परीक्षा में 15 -15 लाख का पेपर बिकते देखा। डीमेट और नर्सिंग कॉलेज घोटाले में 3 साल से जहां पेपर नहीं हुए, भविष्य बर्बाद होते देखा। शिक्षा की बर्बादी का यह मंजर भी देखा कि भाजपा शासन के 18 साल के बाद 26 हजार सरकारी स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं। 29 हजार स्कूलों पर ताला लगाकर बंद कर दिए गए।
9 लाख स्टूडेंट्स का एनरोलमेंट खत्म हो गया। 18 साल में 19 हजार बेरोजगारों और छात्राओं की आत्महत्या का मंजर देखा। मध्य प्रदेश में 18 से 23 साल के 70 लाख नौजवानों की बेरोजगारी देखी। मध्य प्रदेश में 18 साल में सबसे बड़ा एससी, एसटी, ओबीसी छात्रवृत्ति घोटाला देखा।
62 लाख उज्जवला बहनों के घर में धुआं भर दिया
सुरजेवाला ने कहा- प्रधानमंत्री उज्ज्वला बहनों की चर्चा तो करते हैं, लेकिन यह भूल जाते हैं कि मध्य प्रदेश में 82 लाख उज्ज्वला बहनों में से 44 लाख बहनें पिछले साल मोदी और भाजपा निर्मित महंगाई के चलते एक सिलेंडर भी नहीं भरवा सकी। 18 लाख उज्ज्वला बहनें ऐसी हैं, जिन्होंने महंगाई के चलते केवल एक सिलेंडर भरवाया। यानी 82 में से 62 लाख उज्ज्वला बहनों के घरों में धुआं भरकर आप उज्ज्वला बहनों की बात करते हैं।
आयुष्मान योजना में मुर्दों का इलाज कर दिया
सुरजेवाला ने कहा- आयुष्मान योजना की प्रधानमंत्री ने चर्चा की। वो शायद कैग की रिपोर्ट भी पढ़ लेते। सीएजी की रिपोर्ट में बताया गया कि कोरोना के दौरान शिवराज के सरकार ने मुर्दों तक का इलाज कर दिया।
किसानों की आमदनी की चर्चा हुई, लेकिन किसानों को आमदनी में बढ़ोत्तरी तो नहीं हुई, बल्कि दोगुना दर्द बढ़ गया। गेहूं की चर्चा हुई। काश! मध्य प्रदेश से आने वाले कृषि मंत्री से ही पीएम चर्चा कर लेते।पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमेटी ऑन एग्रीकल्चर ने कहा कि मध्य प्रदेश देश के चार राज्यों में से एक है, जहां 2015-16 के मुकाबले किसानों की आय कम हो गई। मध्य प्रदेश में अब किसानों की आय 23 रुपए प्रतिदिन है। यह हम नहीं, उनकी सरकार ही कह रही है।
निमाड़ में किसान अर्द्धनग्न प्रदर्शन कर रहे
एक तरफ करोड़ों का आयोजन हो रहा था, दूसरी तरफ हजारों किसान निमाड में अर्धनग्न प्रदर्शन कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें मुआवजा नहीं मिल रहा, उनकी फसल नष्ट हो गई। 18 साल में मध्य प्रदेश में 20 हजार किसानों ने आत्महत्या कर ली। कैग रिपोर्ट ने बता दिया कि किसानों के मुआवजे को नोएडा के बैंक खातों में जमा कर घालमेल कर दिया गया।
शिवराज सरकार में दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार
सुरजेवाला ने कहा- पांचवा पहलू यह है कि आदिवासियों पर अत्याचार, दलितों से नहीं सरोकार और ओबीसी हकों का बंटाधार, ऐसी रही शिवराज सरकार। आदिवासी और दलित अत्याचार में मध्य प्रदेश देश में पहले पायदान पर है। भाजपा नेता दिनदहाड़े दलित, आदिवासियों पर पेशाब करते हैं। जो 2 दिन पहले हुआ, बीच चौराहे पर आदिवासी को फर्श पर लिटाकर उनके सिर पर चप्पल मारते हैं। 32 हजार आदिवासी पट्टे निरस्त कर दिए गए। ओबीसी वर्ग से 27 प्रतिशत आरक्षण छीन लिया गया। दलित आदिवासी और ओबीसी का पैसा ही खर्च नहीं किया।
पीएम के कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कमल के ऊपर पीएम की फोटो लगे कटआउट लेकर नारे लगाते दिखे।
अर्बन नक्सल का बयान- शिवराज सरकार की तरफ था पीएम का इशारा
पीएम द्वारा अर्बन नक्सल के बयान पर सुरजेवाला ने कहा – मध्य प्रदेश के भविष्य को ही शिवराज सरकार ने ठेकेदारों से मिलकर भ्रष्टाचार की बलि चढ़ा दिया। काश! प्रधानमंत्री महाकाल के ठेके की बात कर लेते। जहां मूर्तियां हवा में गिर रही हैं। जिन्होंने भगवान को नहीं बख्शा, वह किसको बख्शेंगे। प्रधानमंत्री जी, शायद शिवराज सरकार की तरफ इशारा कर रहे थे। गलती से बात कांग्रेस की कर रहे थे।
कांग्रेस के लोहे से देश का निर्माण हुआ
पीएम द्वारा कांग्रेस को जंग लगा लोहा बताने पर सुरजेवाला ने कहा- कांग्रेस का लोहा मजबूत है। कांग्रेस के लोहे ने इस देश को बनाया है मजबूत किया है। इस देश की संरचना की है। हमें चीन से लोहा लाकर मूर्तियां बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। कांग्रेस ने कुर्बानी के लोहे से इस देश को सींचा है, सींचा था और सींचती रहेगी।
