भोपाल। राजधानी के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 1 जून से 9 जून 2026 तक ‘विधायक ट्रॉफी टेनिस बॉल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। नेहरू नगर स्थित पुलिस खेल मैदान पर दूधिया रोशनी में खेले जाने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन नवप्रयास सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा किया जा रहा है। क्षेत्र के विधायक और नवप्रयास समिति के संरक्षक भगवानदास सबनानी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि हमारे विधानसभा क्षेत्र में हर खेल की बेहतरीन प्रतिभाएं मौजूद हैं।
इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य इन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना, उन्हें बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना तथा उनकी खेल सुविधाओं का ध्यान रखने के साथ-साथ उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर हर संभव मदद पहुंचाना है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को निरंतर मजबूत किया जाएगा और इसी कड़ी में आने वाले समय में महिलाओं के लिए भी विशेष खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
टूर्नामेंट की तकनीकी तैयारियों को लेकर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के मीडिया प्रभारी राजकुमार बरूआ ने बताया कि इस नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल ३२ टीमें हिस्सा ले रही हैं।
