भोपाल। राजधानी के बहुचर्चित एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। कोर्ट में सुनवाई के दौरान ट्विशा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कड़ा रुख अपनाते हुए अदालत ने आरोपी समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी तत्काल जब्त करने के आदेश जारी किए हैं।
इससे पहले, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे भोपाल पुलिस की विशेष टीम आरोपी समर्थ को जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लेकर पहुंची थी, जिसे सुरक्षा के लिहाज से कटारा हिल्स थाने में भारी बैरिकेडिंग और कड़े पुलिस पहरे के बीच रखा गया। कोर्ट में पेशी से पूर्व जेपी अस्पताल में आरोपी का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम (सेकंड पीएम) रविवार को भोपाल एम्स में किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर के नेतृत्व में चार वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है।
यह टीम आधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों के साथ आज शाम 6 बजे राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल के लिए रवाना होगी और रात तक यहां पहुंच जाएगी। पूरी पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सबूत लगे हैं। घटना वाले दिन का ट्विशा का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसमें वह ससुराल से महज 100 मीटर दूर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराती नजर आ रही है। वीडियो में ट्विशा बिल्कुल सामान्य और रिलैक्स दिख रही है, जिससे परिजनों के हत्या के दावों को बल मिल रहा है। इसके अलावा जांच में यह भी साफ हुआ है कि ट्विशा ने 12 मई को सुबह 9:52 बजे भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। वह 15 मई को अजमेर में तैनात अपने भाई मेजर हर्षित शर्मा के पास जाने वाली थी, लेकिन 12 मई को ही संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई।
