भोपाल। राजधानी की कोहेफिजा थाना पुलिस ने जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में कुख्यात बदमाश यासीन मलिक को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रशासन द्वारा लगाए गए छह महीने के प्रतिबंध के बावजूद भोपाल शहर की सीमा में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पकड़ा गया आरोपी यासीन मलिक भोपाल के कुख्यात रहे बदमाश मुख्तार मलिक का बेटा है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी के.जी. शुक्ला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यासीन मलिक एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोहेफिजा सहित अन्य थानों में करीब नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। क्षेत्र में उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों और अशांति फैलाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने उसे छह माह की अवधि के लिए भोपाल जिले की राजस्व सीमा से बाहर (जिला बदर) करने के आदेश जारी किए थे। इस वैधानिक कार्यवाही को अभी महज तीन महीने ही बीते थे कि वह गुपचुप तरीके से दोबारा भोपाल शहर में दाखिल हो गया।
बताया जा रहा है कि वह रविवार को चोरी-छिपे अपनी मां से मिलने आया था। पुलिस को देर रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि जिला बदर अपराधी यासीन मलिक कोहेफिजा इलाके में अपनी मां के घर के बाहर देखा गया है और वह वहाँ घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुँचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। इसके बावजूद पुलिस उसे थाने लाकर लगातार पूछताछ कर रही है कि वह जिला बदर की अवधि के दौरान भोपाल में कहाँ-कहाँ शरण लिए हुए था।
