गुरुग्राम
मुंबई की श्रद्धा वाकर की हत्या के मामले में पुलिस रोज नए खुलासे कर रही है। जांच में सामने आया है कि आफताब ने श्रद्धा की हत्या करने के बाद उसके शव के कुछ टुकड़े गुरुग्राम में भी फेंके थे। आफताब ने हाईवे किनारे नेशनल मीडिया सेंटर सोसायटी के पीछे खाली जमीन में शव के टुकड़े फेंके थे। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की टीम यहां पहुंची और खाली मैदान में उस कुछ हड्डियां मिली हैं। करीब 1 घंटे तक टीम यहां रही और फिर एक काले रंग की पॉलिथीन में कुछ डालकर ले गई। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 थाना की टीम भी यहां पहुंची थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मदद लेने से इनकार कर दिया।
जांच में सामने आया है कि आफताब ने श्रद्धा के साथ बहस के बाद उसका गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने शव को ठिकाने के लिए उसके 35 टुकड़े किए। अब यह बात निकल कर आ रही है कि आफताब ने श्रद्धा के शव को काटने में 10 घंटे का समय लगाया। इस बीच थकने के बाद आफताब ने बीयर पी। इसके बाद उसने नेटफ्लिक्स पर वेब सीरिज भी देखी। इसके बाद वह सो गया।
पुलिस को आफताब के घर से खून के धब्बे भी मिले हैं। इससे पहले महरौली इलाके से लिए गए सैंपल को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस दोनों की डीएनए रिपोर्ट का मिलान करेगी। सबूतों की कमी के बाद, पुलिस टीमों ने बुधवार को छतरपुर में किराए के घर का भी दौरा किया था, जिसे आरोपी और पीड़िता ने शेयर किया था।
आफताब ने श्रद्धा के शव के सभी हिस्से जंगल में फेंकने की बात कबूल कर ली है। इससे पहले वह लगातार अपने बयान बदल रहा था। पुलिस ने इस वजह से उसे नार्को टेस्ट की अनुमति मांगी थी जिसकी मंजूरी मिल गई है। आरोपी के बार-बार बयान बदलने को लेकर मनोवैज्ञानिक दीपक राहेजा का कहना है कि मुझे ऐसा लगता है कि आफताब अपने आप को बचाने की कोशिश में पुलिस को बरगला रहा है।
गांजे का लती था आफताब, श्रद्धा भी लेती थी!
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आफताब ने दिल्ली पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने श्रद्धा की हत्या के समय ड्रग्स ले रखी थी। उसने खुद को ‘ड्रग एडिक्ट’ बताया और कहा कि श्रद्धा अक्सर उसे टोकती थी। हालांकि, श्रद्धा के इंस्टा अकाउंट पर मौजूद एक रील में वह ‘दूब’ पीने का जिक्र करती हैं जो कि गांजे का दूसरा नाम है।
इंस्टा पर श्रद्धा को कोस रहे कुछ लोग
श्रद्धा की इंस्टाग्राम पोस्ट्स पर अब कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। उसके पहले 120 फॉलोअर्स थे मगर हत्या की जानकारी सामने आने के बाद 5,000 से ज्यादा फॉलोअर हो गए हैं। चुनिंदा लोग ही उससे सहानुभूति जता रहे हैं। बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो श्रद्धा को एक मुस्लिम लड़के को डेट करने के लिए कोस रहे हैं। कमेंट्स की भाषा कुछ ऐसी है कि ‘मुस्लिम बॉयफ्रेंड बनाकर श्रद्धा ने खुद ही ऐसी किस्मत चुनी।’
